मछली पकड़ने को लेकर श्रीलंका नौसेना ने एक बार फिर 12 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

Share this! (ख़बर साझा करें)

कोलंबो (nainilive.com) –  श्रीलंकाई नौसेना ने मंगलवार को उसके जलक्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. श्रीलंकाई अधिकारियों ने इस दौरान मछुआरों की एक नौका भी जब्त कर ली. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मछुआरे पड़ोसी पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश के कराईकल के रहने वाले हैं. श्रीलंका की नौसेना ने पिछले महीने भी भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था, साथ ही उनकी नावें भी छीन ली थीं.

तब श्रीलंकाई नौसेना ने बयान में बताया कि मन्नार द्वीप के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित एक बस्ती तलाईमन्नार के पास मछुआरों को गिरफ्तार किया गया. इससे पहले 22 अगस्त को श्रीलंकाई जल क्षेत्र में मछलियां पकड़ने के आरोप में 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था. मछुआरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई भारत और श्रीलंका के बीच विवाद की बड़ी वजह हैं.

श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों द्वारा कथित रूप से अपने देश के जल क्षेत्र में अवैध तरीके से प्रवेश करने पर पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी किए जाने और उनकी नौकाओं को जब्त किए जाने की कई घटनाएं हुई हैं. पाक जलडमरूमध्य श्रीलंका से तमिलनाडु को अलग करने वाली पानी की एक संकरी पट्टी है. अधिक मछलियां होने के कारण यहां दोनों देशों के मछुआरे आते हैं.

इस घटना ने रामेश्वरम के मछुआरों को झकझोर कर रख दिया था. इन घटनाओं के बाद तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक के कोर्डिनेटर ओ पनीरसेल्वम ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मछुआरों की रिहाई के लिए कदम उठाने का आग्रह किया था. जयशंकर को लिखे एक पत्र में पन्नीरसेल्वम ने कहा, ‘मैं यह पत्र तमिलनाडु के मछुआरों की सुरक्षा और भलाई के बारे में गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूं, जिन्हें अब श्रीलंकाई नौसेना द्वारा अक्सर पकड़ा जा रहा है, जबकि वे अपना पारंपरिक बिजनेस कर रहे हैं.’

उन्होंने भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं की जब्ती की ओर ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा निर्दोष तमिलनाडु मछुआरों को पकड़ने की घटनाएं पिछले कुछ महीनों में एक नियमित घटना बन गई हैं. उन्होंने जयशंकर से श्रीलंका सरकार के साथ राजनयिक बातचीत शुरू करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया ताकि तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी की ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को तुरंत रोका जा सके.

नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page