ग्राफिक एरा भीमताल के छात्रों ने रचा इतिहास, डिग्री से पहले 529 प्लेसमेंट ऑफर

Share this! (ख़बर साझा करें)

भीमताल ( nainilive.com )- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर ने वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 500 से अधिक छात्रों को डिग्री पूर्ण होने से पहले ही प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। अब तक छात्रों को कुल 529 प्लेसमेंट ऑफर मिल चुके हैं, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण हैं।

इस वर्ष सर्वाधिक प्लेसमेंट कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, प्रबंधन तथा बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों को प्राप्त हुए हैं। छात्रों ने सूचना प्रौद्योगिकी, बैंकिंग, वित्त, परामर्श, विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों में चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में फुटपाथ होंगे अतिक्रमण मुक्त, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने चलाया विशेष अभियान

प्लेसमेंट सत्र में सबसे बड़ा पैकेज कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा गुंजन भनवाल को प्राप्त हुआ, जिनका चयन एटलासियन में 66.01 लाख रुपये वार्षिक के पैकेज पर हुआ। वहीं विभा चंदोला ने गूगल में 54.84 लाख रुपये वार्षिक के आकर्षक पैकेज के साथ चयनित होकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा।

इसके अतिरिक्त वैष्णवी करायत एवं प्राची साह को बीएनवाई मेलॉन में 22-22 लाख रुपये वार्षिक, दिव्या शाह को जेपी मॉर्गन में 19.75 लाख रुपये वार्षिक तथा दिया बिष्ट को नायका में 10 लाख रुपये वार्षिक के पैकेज प्राप्त हुए। वहीं आठ छात्रों का चयन इंफोसिस में 11 लाख रुपये वार्षिक के पैकेज पर हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

भर्ती करने वाली कंपनियों में इंफोसिस ने सर्वाधिक 89 छात्रों को रोजगार प्रदान किया। इसके बाद टेक महिंद्रा ने 51, एलटीआई माइंडट्री ने 42, टीसीएस ने 32, कोडिंग निंजाज ने 31, कैपजेमिनी ने 25 तथा कॉग्निजेंट ने 19 छात्रों को नियुक्त किया। यह उपलब्धि उद्योग जगत में ग्राफिक एरा के छात्रों के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

नर्सिंग क्षेत्र में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जीईआईएमएस) ने इंटर्नशिप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भीमताल परिसर के नर्सिंग विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। विद्यार्थियों का चयन पीडब्ल्यूसी, ग्लोबल लॉजिक, ग्रांट थॉर्नटन, आईएमएस समूह, आईसीआईसीआई बैंक, लर्निंग रूट्स, बीएनपी परिबा, एचडीएफसी लाइफ, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  एरीज भारत के वैज्ञानिक स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीकः राज्यपाल

ग्राफिक एरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय लगातार नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षण प्रणाली और उद्योगों से मजबूत सहभागिता के कारण ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर देश के अग्रणी प्लेसमेंट केंद्रों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

वर्ष 2026 का यह रिकॉर्ड प्लेसमेंट परिणाम इस बात का प्रमाण है कि ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर विद्यार्थियों के सपनों को वैश्विक अवसरों में बदलने की दिशा में निरंतर सफलता प्राप्त कर रहा है।

Ad Ad
नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page