राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू MP के एक दिवसीय दौरे पर, ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

Share this! (ख़बर साझा करें)

नई दिल्ली ( nainilive.com )- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (गुरुवार) 13 जुलाई 2023 को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे संगीत, कला एवं शिक्षा की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर जाएंगी। ग्वालियर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ट्रिपल आईटीएम) के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। साथ ही वे महाराजा सर जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस देखने के लिए भी जाएंगी।

राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रम

जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति आज सुबह 11:35 बजे वायु मार्ग द्वारा एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा पहुंचेंगी। इसके पश्चात् वे यहां से महाराजा सर जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस पहुंचेंगी। जयविलास पैलेस में राष्ट्रपति मुर्मू महाराजा जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद म्यूजियम की लाइनेज गैलरी, मराठा गैलरी, इंडस्ट्रियल गैलरी व प्रदर्शनी सहित दरबार हॉल इत्यादि का अवलोकन करेंगी।

ट्रिपल आईटीएम जाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 2:40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड पर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुंचेंगी। वे यहां स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगी। इसके बाद वे ट्रिपल आईटीएम के बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगी।

इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद सायंकाल 4.40 बजे ट्रिपल आईटीएम से एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा के लिए रवाना होंगी और सायंकाल लगभग 05 बजे एयरफोर्स स्टेशन से विमान द्वारा जयपुर के लिये प्रस्थान करेंगी।

परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमैन काकोडकर को मानद उपाधि से करेंगी विभूषित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमैन पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोडकर को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि से विभूषित करेंगी।

7 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल एवं 283 विद्यार्थियों को प्रदान करेंगी उपाधियां

ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में सात विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। साथ ही 283 विद्यार्थियों को बीटेक, एमटेक एवं मैनेजमेंट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

बता दें, ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, ट्रिपल आईटीएम के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन दीपक घैसास एवं ट्रिपल आईटीएम के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह शामिल होंगे।

राष्ट्रपति का किया जाएगा स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी के लिए राज्य शासन द्वारा जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को मिनिस्टर इन वेटिंग नामांकित किया गया है। मंत्री सिलावट गुरुवार को ग्वालियर प्रवास पर के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। साथ ही उनके साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

राज्यपाल करेंगे अगवानी

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ग्वालियर में प्रातः: 11 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचेंगे। वे 11.35 बजे एयरफोर्स स्टेशन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राज्यपाल पटेल सायंकाल 05 बजे एयर फोर्स स्टेशन पर राष्ट्रपति मुर्मू को विदाई देंगे।

नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page