पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार, दुर्गापुर में अंतर-विद्यालयी अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
नैनीताल ( nainilive.com) – पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार, दुर्गापुर में आज अंतर-विद्यालयी अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था – “क्या बेहतर अवसर की तलाश में उत्तराखंड से पलायन नैतिक रूप से उचित है?”
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री श्याम अग्रवाल जी ने की। निर्णायक मंडल में प्रोफेसर डॉ. हरी प्रिया पाठक जी प्रथम निर्णायक, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नगेंद्र जी द्वितीय निर्णायक तथा बी.एड. कॉलेज, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती जी तृतीय निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सरोज शर्मा जी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
आज की इस आंग्ल भाषा वाद-विवाद प्रतियोगिता में नैनीताल क्षेत्र के प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। पक्ष के वक्ताओं ने तर्क दिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के अभाव में बेहतर भविष्य के लिए पलायन करना नैतिक रूप से अनुचित नहीं है। वहीं विपक्ष के वक्ताओं ने कहा कि मातृभूमि के प्रति कर्तव्य निभाना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और पलायन से उत्तराखंड के गाँव वीरान हो रहे हैं तथा संस्कृति संकट में पड़ रही है।
पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार के आयुष्मान भारद्वाज ने उत्कृष्ट तर्क, प्रभावशाली प्रस्तुति एवं धाराप्रवाह अंग्रेजी वक्तव्य से प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें ₹11,000 की नगद धनराशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सनवाल पब्लिक स्कूल के शिवांक कपिल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और उन्हें ₹7,500 की नगद धनराशि व शील्ड प्रदान की गई। लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल के आशीष सिंह रावत तृतीय स्थान पर रहे, जिन्हें ₹5,000 की नगद धनराशि एवं शील्ड प्रदान की गई।
श्रीनिवास स्मृति आंग्ल भाषा वाद विवाद प्रतियोगिता की चल वैजयंती पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार को प्राप्त हुई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रबंधक श्री श्याम अग्रवाल जी ने कहा, “पलायन एक ज्वलंत समस्या है। इसका समाधान उत्तराखंड में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसर विकसित करने में है, ताकि हमारी युवा प्रतिभाएँ अपने ही प्रदेश में उज्ज्वल भविष्य बना सकें।”
प्रोफेसर डॉ. हरी प्रिया पाठक जी ने प्रतिभागियों की तर्कशक्ति, विषय की समझ तथा अंग्रेजी भाषा पर पकड़ की मुक्तकंठ से सराहना की। डॉ. अशोक उप्रेती जी ने अपने संबोधन में कहा, “वाद-विवाद केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विचारों के परिष्कार का माध्यम है। उत्तराखंड जैसे संवेदनशील विषयों पर युवाओं का चिंतन समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. सरोज शर्मा जी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा वैश्विक स्तर पर संवाद कौशल विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश जी ने अपने उद्बोधन में कहा, “विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी है। इस प्रकार की बौद्धिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में चिंतन, अभिव्यक्ति और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं।”
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश जी ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागी विद्यालयों, अभिभावकों एवं आयोजक शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी विभाग अध्यक्ष केतन बोरा द्वारा किया गया।
नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

Naini Live is a news portal which provides news across Uttarakhand and Madhya Pradesh. We do provide advertisement services as well.

उत्तराखण्ड में IAS एवं PCS अधिकारियों के हुए Transfer , Apurva Pandey बनी DM Bageshwar, Dr Ashish Chauhan बने DM Dehradun
श्री कैची धाम मार्ग में बोनट पर दोस्तों को बैठाकर दौड़ाई थार, जानलेवा स्टंट पड़ा भारी, थार चालक पर चालानी कार्यवाही
गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट के दूसरे दिन 95 गोल्फरों ने लिया भाग