गुरु गोविंद सिंह के 356 वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा

Share this! (ख़बर साझा करें)

हल्द्वानी ( nainilive.com )- सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के 356 वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा और नगर कीर्तन से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में रामलीला मैदान से विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। कीर्तन के दौरान गुरुवाणी का संदेश दिया गया। इस दौरान लोगों ने नगर कीर्तन में शामिल संगत पर फूलों की वर्षा की। रामलीला मैदान से निशान साहिब की अगुवाई में नगर कीर्तन शुरू हुआ। शहर के मुख्य मार्गों में ढोल नगाड़ों और बैंड के साथ धूमधाम से शोभा यात्रा निकाली गई। मार्ग को साफ सुथरा करके पुष्पों की वर्षा की जा रही थी और उसके आगे गुरु गोविंद के पंज प्यारे चल रहे थे। आखिर में गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी सजी हुई थी। शोभा यात्रा के दौरान समाज सेवियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई।


नैनीताल रोड, तिकोनिया चौराहा, वर्कशॉप लाइन, रेलवे बाजार, मंगल पड़ाव, सिंधी चौराहा होते हुए नगर कीर्तन रामलीला मैदान में संपन्न हुआ। हल्द्वानी निडर खालसा गतका दल के सदस्यों ने सिख युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। बुलेट पर सवार युवा ऊंचे-ऊंचे निशान साहिब लगाकर नगर कीर्तन में शामिल हुए। खालसा स्कूल और श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल के बच्चों के दल ने शबद कीर्तन व पंजाबी लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए। गुरु नानक इंटर कॉलेज नानकमत्ता साहिब के बैंड की धुन पर वाहेगुरु के जयकारों से शहर गूंज उठा। गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों को देखने जनसैलाब उमड़ पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  रूद्रपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी उदय राज सिंह ने ई.वी.एम. की सुरक्षा और निगरानी को लेकर नामित अधिकारियों को दिए निर्देश
नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page