Nainital : राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने सफाई कार्मिकों की समस्याओं की समीक्षा की
समय पर मानदेय, नियमितीकरण,बढ़ते कार्य एवं क्षेत्र के अनुरूप नए पदों को बढ़ाए जाने एवं आवास संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
नैनीताल ( nainilive.com )- सोमवार को उपाध्यक्ष, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखण्ड भगवत प्रसाद मकवाना द्वारा राज्य अतिथि गृह, नैनीताल में जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के समस्त नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कार्मिकों की समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
माननीय उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए सभी नगर निकाय बोर्ड में सफाई कर्मियों के पदों को बढ़ाए जाने तथा मानदेय में वृद्धि किए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजे जाएं। जिन सफाई कर्मियों की सेवा को 10 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें उत्तराखण्ड कार्मिक नियमावली के अनुरूप नियमित करने की कार्यवाही की जाए तथा वरिष्ठता के आधार पर सूची तैयार कर सफाई कर्मियों के हित में कार्य किया जाए।
श्री मकवाना ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सफाई कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और उनके द्वारा अनेक निर्णय लिए गए हैं। सभी अधिकारी शासन के आदेशों का प्राथमिकता से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नगर निकाय क्षेत्रों की वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य कराने तथा सामुदायिक भवनों का निर्माण कराए जाने के निर्देश भी दिए।। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को समय पर वर्दी एवं सुरक्षा उपकरण देने के साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। सभी सफाई कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड बनाने हेतु नगर निकायों द्वारा विशेष कैंप लगाए जाएं।
मृतक आश्रित नियुक्ति पर संवेदनशीलता बरतने तथा एसीपी का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कार्मिकों की आवास संबंधी समस्याओं का भी निस्तारण किया जाए। नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र में विगत कई वर्षों से पुराने आवासों में रह रहे सफाई कार्मिकों से लिए जा रहे किराए की समस्या पर माननीय उपाध्यक्ष ने अपर जिलाधिकारी को 15 दिन के भीतर जांच कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों से कहा कि सफाई कर्मियों एवं उनके परिजनों को सरकार की योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। बिना कारण किसी भी सफाई कर्मी को सेवा से न हटाया जाए तथा शिक्षित सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने में भी संवेदनशीलता बरती जाए।
बैठक में विधायक नैनीताल सरिता आर्य,डाईत्वधारी दिनेश आर्य,अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल,एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित नगर निगम हल्द्वानी एवं सभी नगर निकायों के अधिकारी तथा विभिन्न जनप्रतिनिधि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

Naini Live is a news portal which provides news across Uttarakhand and Madhya Pradesh. We do provide advertisement services as well.

राज्यपाल ने टी-ऑफ कर किया 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारम्भ
कुमाऊं विश्वविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ शेर सिंह सामंत ने किया डी एस बी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग का भ्रमण
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल ने किया मरीज़ों को फल वितरण
नैनीताल बार एसोसिएशन आयोजित करेगा प्रथम जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट