डीएसबी परिसर की नौसेना एनसीसी कैडेट नेहा त्रिपाठी एनआईएम उत्तरकाशी में एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में चयन
नैनीताल ( nainilive.com )- डीएसबी परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल की 05 यूके नेवल सब-यूनिट एनसीसी की कैडेट नेहा त्रिपाठी इन दिनों उत्तरकाशी स्थित नेहरु इंस्टिट्यूट ऑफ़ माउंटेनियरिंग, उत्तरकाशी में आयोजित प्रतिष्ठित एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स (AMC) में प्रतिभाग कर रही हैं। यह प्रशिक्षण 27 मई से 23 जून तक आयोजित किया जा रहा है।
कैडेट नेहा त्रिपाठी को यह अवसर राष्ट्रीय कैडेट कोर (राष्ट्रीय कैडेट कॉर्प्स) के माध्यम से प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने गत वर्ष बेसिक लीडरशिप कैंप (बीएलएसी) सफलतापूर्वक पूर्ण किया था। इस वर्ष आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, कर्नाटक, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़ तथा गोवा सहित देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 18 प्रशिक्षु शामिल हैं। एनसीसी द्वारा देश भर में चयनित केवल तीन कैडेट इस कोर्स में प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सबसे पहले बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स में सीखी गई तकनीकों का पुनराभ्यास तथा उसके बाद उन्नत पर्वतारोहण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण में कैराबीनर एवं प्रूसिक की सहायता से विभिन्न प्रकार की गांठें बनाना, जुमारिंग, 90 डिग्री तथा ओवरहैंग रॉक फेस पर चढ़ाई, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, बेलाइंग, स्टांस मैनेजमेंट और तकनीकी रेस्क्यू संबंधी अभ्यास शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को अभियान योजना, मानचित्र अध्ययन , पर्वतीय मौसम विज्ञान, खोज एवं बचाव कार्य, रॉक टर्मिनोलॉजी तथा नेतृत्व कौशल से संबंधित विशेषज्ञ व्याख्यान भी प्रदान किए जा रहे हैं।
एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स को पर्वतारोहण क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशिक्षण माना जाता है। यह कोर्स प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता, टीम भावना, जोखिम प्रबंधन तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता विकसित करता है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट भविष्य में उच्च हिमालयी अभियानों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियानों तथा आपदा एवं बचाव कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार होते हैं।
कैडेट नेहा त्रिपाठी का इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह डीएसबी परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय तथा 05 यूके नेवल सब-यूनिट एनसीसी के लिए भी गौरव का विषय है। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को साहसिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलेगी तथा राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और एनसीसी इकाई की पहचान और प्रतिष्ठा को भी बल मिलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस रावत, डीएसडब्ल्यू प्रो. संजय पंत, एनसीसी अधिकारी प्रो. (ले.) रीतेश साह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. एच सी एस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, आईटीईपी के विभागाध्यक्ष डॉ . अशोक व शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कैडेट नेहा त्रिपाठी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए प्रशिक्षण की सफल पूर्णता और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

नैनी लाइव (Naini Live) के साथ सोशल मीडिया में जुड़ कर नवीन ताज़ा समाचारों को प्राप्त करें। समाचार प्राप्त करने के लिए हमसे जुड़ें -

Naini Live is a news portal which provides news across Uttarakhand and Madhya Pradesh. We do provide advertisement services as well.

देवभूमि उत्तराखंड सदियों से साहित्य, संस्कृति और सृजन की भूमि रही है- CM धामी
डी एस बी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में मिशन ग्रीन कार्यक्रम 2026 का हुआ शुभारम्भ
कुमाऊं विश्वविद्यालय और ईडीआईआई के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान
आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याओं को किया मौके पर ही निस्तारित